फिरोजाबाद। आधार कार्ड बनवाने और संशोधन कराने के लिए आशीर्वाद पैलेस में लगाए गए कैंप में टोकन लेने के लिए गांवों से आए लोग बृहस्पतिवार की पूरी रात सड़कों पर बैठे रहे। जल्दी नंबर लगाने के चक्कर में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने रात को ही कैंप स्थल के बाहर डेरा जमा लिया।
सदर विधायक मनीष असीजा द्वारा कोटला रोड स्थित आशीर्वाद पैलेस में सात दिन पूर्व आधार कार्ड कैंप लगवाया। कैंप में आधार कार्ड बनवाने के लिए सुबह सात बजे से टोकन दिए जाते हैं। प्रति दिन करीब तीन सौ टोकन दिए जा रहे हैं। टोकन लेने के लिए देहात क्षेत्र के लोग रात में ही कैंप स्थल पर पहुंच रहे हैं। जमीन पर बैठ कर सबेरा होने का इंतजार बजीरपुर जेहलपुर निवासी अजय, टीटू, रोहित, ललित छात्रवृत्ति के लिए आधार कार्ड ठीक कराने को बैठे नजर आए।
संतनगर निवासी संतोषी देवी बेटा कान्हा, बेटी रचना बोली रात भर यहीं रहेंगे ताकि सुबह टोकन मिल जाए। नगला पान सहाय निवासी बैकुंठी देवी, रजनी एवं राधा बोलीं कि दो दिन से चक्कर लगा रहे हैं लेकिन टोकन नहीं मिला। इसलिए रात में ही आ गए। आसफाबाद निवासी कल्पना छह माह के बच्चे के साथ जमीन पर सोती मिलीं। गोपीनाथ स्कूल के पास निवासी मीना देवी, बसई मोहम्मदपुर निवासी चांदनी देवी कतार में बैठी रहीं।
रामदासपुरा निवासी मीसा देवी बेटी सपना, चांदनी एंव नेहना के साथ आधार कार्ड बनवाने को आईं। रामगढ़ मक्का कालोनी निवासी महजबी बेगम, समा परवीन भी रातभर बैठकर टोकन मिलने का इंतजार करती रहीं।
इन क्षेत्रों के लोग पहुंचे कैंप स्थल
जसराना के गांव अतुर्रा,यमुना की तलहटी के गांव बसई मोहम्मदपुर,रामदास का पुरा,उसायनी, बजीरपुर जेहलपुर के साथ मक्खनपुर से महिलाएं,युवतियां एवं बच्चे अपने आधारकार्ड बनवाने के लिए रात को यहां डटे थे। सुबह सात बजे टोकन लेना है नंबर नहीं कट जाए इस लिए से कतारबद्ध होकर जमीन पर ही सो गए।
विधायक के आवास पर पहुंची महिलाएं
काफी संख्या में महिलाएं सुबह नगर विधायक मनीष असीजा के आर्यनगर स्थित आवास पर पहुंच गई। महिलाओं ने आधारकार्ड नहीं बनाने की समस्या रखी। महिलाएं काफी देर तक विधायक आवास के बाहर डटी रहीं। विधायक ने कैंप स्थल पर ही जाने की सलाह दी।
आधार कार्ड का कैंप एक महीने तक लगेगा। जरूरत पड़ने पर और भी बढ़ाया जाएगा। लोग परेशान न हों। सभी के आधार कार्ड बनेंगे और संशोधन भी किया जाएगा। शनिवार से आधार कार्ड बनाने के लिए दो मशीनें और बढ़ा दी जाएंगी। इस तरह मशीनों की संख्या 6 हो जाएगी।
-मनीष असीजा, सदर विधायक
लोग आधार कार्ड को लेकर पैनिक न हों। दो नए केंद्र कलक्ट्रेट पर खोल गए हैं। एक और केंद्र के लिए शासन में बात चल रही है। सभी डाकघर और चिह्नित बैंकों में आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं। आशीर्वाद पैलेस में कैंप लगा है। यहां काफी भीड़ हो रही है। लोगों से अपील है कि जल्दबाजी न करें। भीड़ न लगाएं। सामाजिक दूरी का पालन करें। मैं शनिवार को इस संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी से बात करके कैंप स्थल पर व्यवस्था बनाने को कहूंगा।
चंद्र विजय सिंह, जिलाधिकारी