एक्सप्रेस-वे पर आग लगने के बाद जलता ट्रक। स्रोत यूपीडा
शिकोहाबाद। मटसैना क्षेत्र में लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब चल रहा ट्रक अचानक आग का गोला बन गया। घटना की जानकारी मिलने पर शिकोहाबाद एवं सिरसागंज से पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया।
सोमवार देर रात एक ट्रक उदयपुर से नेपाल जा रहा था। जिसमें पत्थर का पाउडर भरा हुआ था। ट्रक जब थाना मटसैना क्षेत्र के अंतर्गत किलोमीटर संख्या 42.700 के समीप पहुंचा। तभी अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। एक्सप्रेस-वे पर दौड़ रहे अन्य वाहनों की गति भी थम गई। घटना की जानकारी मिलते ही यूपीडा एवं मटसैना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। कुछ ही देर बाद आग को बुझाने के लिए शिकोहाबाद एवं सिरसागंज से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। जिसने ट्रक में लगी हुई आग पर काबू पाया। यूपीडा कर्मचारियों ने बताया कि ट्रक को चालक मातादीन निवासी गांव ईसला, जिला अलवर, राजस्थान चला रहा था। आग लगते ही चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। परिचालक नाजिम निवासी खारंडी, जिला दौसा राजस्थान मौके पर ही पुलिस को मिला। जिसने पुलिस को बताया कि ट्रक में पत्थर का पाउडर लदा था और वे उदयपुर से नेपाल जा रहे थे। हादसे के समय वह सो रहा था। पुलिस ने जले हुए ट्रक को क्रेन की मदद से हटवाया। जिससे एक्सप्रेस-वे पर यातायात शुरू हो चुका।