टूंडला। नगर के व्यस्ततम स्टेशन रोड पर स्थित रिलायंस स्मार्ट प्वाइंट में दिनदहाड़े चोरी की वारदात हो गई। शातिर चोर ने स्टोर के कैश काउंटर से लगभग 65 हजार रुपये की नकदी साफ कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर और मामले की तफ्तीश शुरू की। साथ एक संदिग्ध कर्मचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मामला बिजली कार्यालय के निकट संचालित रिलायंस स्मार्ट प्वाइंट का है। स्मार्ट पोइंट के मैनेजर सचिन यादव ने बताया कि कैश काउंटर की दो चाबियां थीं। एक उनके पास रहती थी और दूसरी काउंटर के पास ही रखी थी। दोपहर करीब 2:00 बजे चोर ने पास में रखी चाबी का इस्तेमाल कर गल्ला खोला और उसमें रखे 65 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। मैनेजर ने तत्काल घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्टोर पहुंचकर गहनता से जांच की और वहां कार्यरत कर्मचारियों से अलग-अलग पूछताछ की। साथ ही सीसीटीवी खंगाले। थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मैनेजर की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। स्टोर में काम करने वाला एक कर्मचारी संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।