नारखी। बहला-फुसलाकर अगवा की गई किशोरी को परिजन ने उत्तर थाना क्षेत्र के ककरुऊ कोठी के समीप से पकड़ लिया। नारखी थाना पुलिस ने किशोरी का डाक्टरी परीक्षण कराया है। पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
नारखी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी को गांव का ही युवक रविवार को बहला-फुसलाकर ले गया। परिजन उसकी तलाश करते हुए उत्तर थाना क्षेत्र के ककरुऊ कोठी चौराहा पर पहुंचे। यहां उन्हें किशोरी और युवक मिल गए। परिजन ने दोनों को पकड़ लिया और सूचना उत्तर थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस युवक और किशोरी को थाने ले आई। पूछताछ में मामला थाना नारखी से जुड़ा होने पर उसके सुपुर्द कर दिया गया। देर शाम किशोरी के पिता की तहरीर पर नारखी थाना पुलिस ने आरोपी नीरज के खिलाफ किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष नारखी प्रदीप कुमार का कहना है कि किशोरी के पिता की तहरीर पर नीरज के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। किशोरी के बयान दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।