फिरोजाबाद। चलती स्पोटर्स बाइक में बृहस्पतिवार शाम को आग लग गई। युवक ने कूदकर जान बचाई। इसके बाद पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुआ। बाइक पूरी तरह जल गई।
घटना थाना दक्षिण में पेमेश्वर गेट तलैया के पास की है। प्रयांशु गुप्ता निवासी नया रसूलपुर एकता नगर स्पोटर्स बाइक से शाम को बाजार से घर लौट रहा था। वह पेमेश्वर गेट के पास पहुंचा था कि बाइक से धुआं उठने लगा। युवक ने बाइक को किनारे खड़ा कर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सड़क पर धू-धूकर जलती बाइक को देखकर भीड़ जुट गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना में बाइक सवार बच गया।
सिपाही ने होटल कर्मचारी से की मारपीट, बदसलूकी
फिरोजाबाद। होटल पर काम करने वाले कर्मचारी ने पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही पर मारपीट और कुकर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। उसने मटसेना थाने में तहरीर दी है।
अरांव निवासी दिव्यांग पीड़ित का आरोप है कि वह मटसेना में एक दुकान पर खाना खिलाने का कार्य करता है। बुधवार रात साढ़े दस बजे वह दुकान पर था। तभी पुलिस लाइन में तैनात सिपाही पहुंचा और मारपीट कर कुकर्म का प्रयास किया। विरोध पर गोली मारने की धमकी दी। दिव्यांग के मुताबिक आरोपित सिपाही दीवानी चौराहे पर हनुमान मंदिर के पास बैठकर शराब पीता है। इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर मिली है। सिपाही के बारे में पता लगाया गया लेकिन पुलिस लाइन में इस नाम का कोई सिपाही नहीं मिला है।