थाना दक्षिण के हिमायूपुर में फांसी लगाने से युवक की मौत के बाद जिला अस्पताल में मौजूद परिजन
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। दक्षिण कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हिमायूंपुर में मंगलवार देर रात एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवक के परिजनों का आरोप है कि वह सूदखोरों से परेशान था। हालांकि परिवारीजनों ने सूदखोरों के खिलाफ तहरीर नहीं दी है।
मूलरूप से कोतवाली टूंडला क्षेत्र के गांव ऊलाऊ खेड़ा निवासी ओमकार (40) परिवार के साथ दक्षिण कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हिमायूंपुर में निवास करता था। ओमकार के एक पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। वह मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। कोरोना काल में काम न मिलने के कारण उस पर कर्ज हो गया था। जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था। ओमकार ने मंगलवार रात कमरे में दुपट्टे का फंदा बनाकर पंखे के कुंडे से फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मकान स्वामी द्वारा दक्षिण पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसएसआई दक्षिण अजय कुमार चक ने बताया कि युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। उस पर कर्ज था, लेकिन पीड़ित पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
भाई का आरोप सूदखोर ने की थी अभद्रता
ओमकार के शव को लेकर अस्पताल पहुंचे चचेरे भाई अरविंद ने बताया कि ओमकार पर कर्ज था। मंगलवार शाम को सूदखोर ने उसके साथ घर में घुसकर अभद्रता कर दी थी। जिससे आहत होकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की है।