फिरोजाबाद में जनसभा करते अमित शाह
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को पीडी जैन कालेज के मैदान में भाजपा प्रत्याशी डा. चंद्रसेन जादौन के समर्थन में विजय संकल्प सभा को संबोधित किया। अमित शाह ने माइक संभालते ही सबसे पहले चुनावी मैदान में आमने-सामने सपा प्रत्याशी अक्षय यादव और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी शिवपाल यादव को निशाने पर लिया। कहा कि चाचा-भतीजे अफवाह फैला रहे हैं भाजपा चुनाव नहीं लड़ रही है। मैं यहां मतदान से काफी पहले इसलिए आया हूं कि कार्यकर्ता घर-घर जाएं और चाचा-भतीजे को हराएं।
अमित शाह ने सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव को निशाने पर लेते हुए कहा कि यह रामगोपाल का इलाका है। सपा की सरकार में यहां की जनता ने गुंडई झेली है। पुलिस वाले भी कार्रवाई करने से कांपते थे। अक्षय यादव पांच साल सांसद रहे जिले के लिए कुछ नहीं किया। जब से योगी सरकार आई है गुंडे उल्टे लटकाकर सीधे कर दिए हैं।
शाह ने कहा कि किसी भ्रम में न रहें आना वाला चुनाव महत्वपूर्ण है। चाचा-भतीजे दोनों को हराने का काम करना है। यूपी में 15 साल कभी सपा की तो कभी बसपा की सरकार रही। कभी किसी जाति का तो कभी किसी जाति का भला हुआ। शाह ने सर्जिकल स्ट्राइक के लेकर मोदी सरकार की कई योजनाओं का जिक्र करते हुए भीड़ की तालियां बटोरी।
आतंकवाद और पाक के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र करके विपक्षी दलों पर हमला बोला। उन्होंने भाजपा का घोषणा पत्र भी बताया। सपा-बसपा गठबंधन के लिए कहा कि जो बीस साल से एक दूसरे से नमस्ते तक नहीं करते थे मोदी केे डर से गठबंधन कर रहे हैं।
निजाम का राज्य नहीं चलेगा
अमित शाह ने योगी सरकार के दो साल का रिपोर्ट कार्ड देते हुए पांच मुस्लिम नेताओं के नाम लिए और कहा अब निजाम का शासन नहीं चलेगा। हम तो सिर पर भगवा बांधकर निकल पडे़ हैं। बार-बार राहुल बाबा शब्द का प्रयोग कर कांग्रेस को घेरा। कहा कि 55 साल तक जो चार पीढ़ी देश पर शासन करती रहीं वो मोदी से पांच साल का हिसाब मांग रही हैं।