फिरोजाबाद। मंडलायुक्त अनिल कुमार और डीआईजी आगरा लव कुमार ने लोकसभा चुनाव 2019 की तैयारियों की समीक्षा की। तीन घंटे चली बैठक में एक-एक कर अफसरों से तैयारी की जानकारी ली। प्रस्तुतीकरण के दौरान कई अफसर अटके तो कई थानेदार संवेदनशील और क्रिटिकल बूथों का अंतर बताने में भटक गए।
मंडलायुक्त ने कहा कि सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट पुलिस बल के साथ बूथों का निरीक्षण कर लें। एसडीएम अपने विधानसभा क्षेत्र के बूथों को देखें। बूथों के आस-पास आचार संहिता के उल्लंघन के साथ आवश्यक सुविधाएं पूर्ण कर ली हैं कि नहीं यह भी देखे।
पुलिस की शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव कराना पहली प्राथमिकता होगी। डीएम सेल्वा कुमारी जे. एसएसपी सचिंद्र पटेल, सीडीओ नेहा जैन, एडीएम छोटे लाल मिश्रा, एसपी देहात राजेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट अजय कुमार तिवारी, सीओ सिटी संजय वर्मा, एसडीएम सदर संजय वर्मा मौजूद थे।
वहीं मंडलायुक्त ने सहायक श्रमायुक्त राजीव कुमार सिंह को निर्देश दिए कि पोस्टल बैलेट की तैयारी कर लें। कहां कितने पोस्टल बैलेट जाने हैं उसका खाका खींच लें।
एडीएम को सूची सुधारने के निर्देश
मंडलायुक्त ने एडीएम छोटेलाल मिश्रा को निर्देश दिए वह मतदाता सूची की खामियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराएं। मतदान वाले दिन कोई ऐसी शिकायत नहीं मिले कि वोटरलिस्ट में नाम नहीं होने के कारण मतदान नहीं कर सके। मंडलायुक्त ने सभी प्रभारी अधिकारियों से कहा आयोग की वेबसाइट पर दिशा निर्देश की प्रति हैं। उनको देखकर चुनाव की तैयारी करें। किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।