22.50 लाख और कार लेकर भागा चालक
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के एक घी व्यवसायी को उन्हीं का कार चालक चकमा देकर 22.50 लाख रुपये की नगदी, मोबाइल व कार लेकर फरार हो गया। घटना आगरा से शिकोहाबाद जाने के दौरान हुई। पुलिस ने चालक की तलाश की तो कार राजा के ताल के पास से बरामद हो गई। उसमें से नकदी गायब थी।
आगरा के थाना सदर बाजार स्थित डिफेंस एस्टेट निवासी सुदेश कुमार अग्रवाल पुत्र दुर्गाप्रसाद अग्रवाल घी का कारोबार करते हैं। बुधवार दोपहर वह अपनी कार से आगरा से शिकोहाबाद जा रहे थे। उनका चालक आकाश जैन निवासी ट्रांस यमुना कालोनी थाना एत्माद्दौला आगरा कार चला था। दोपहर करीब 12 बजे वह राजा के ताल के समीप पहुंचे तो सुदेश को लघुशंका लगी। वह कार को साइड से रुकवा कर लघुशंका को चले गए। इस बीच चालक कार लेकर भाग निकला। सुदेश ने पीछे आ रहे अन्य लोगों से मदद मांगी। चालक की तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चला। व्यवसायी के मुताबिक कार में 22.50 लाख रुपये, एक मोबाइल रखा हुआ था। सूचना पर थाना प्रभारी राजीव यादव पहुंच गए। रैंज स्कीम लागू कर कार व चालक की तलाश की गई। शाम को कार राजा के ताल के पास एक स्थान पर खड़ी मिल गई। उसका लाक लगा था। कार में रखी नकदी गायब थी जबकि मोबाइल उसी में पड़ा था। पुलिस ने चालक आकाश जैन के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी का कहना है कि चालक को गिरफ्तार कर नकदी बरामद की जाएगी।