फिरोजाबाद। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में 23 अप्रैल को मतदाता मतदान करेंगे। जिले के मतदाता इस दिन अपना सांसद चुनने के लिए वोट डालेंगे। चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। रविवार देर शाम आयोग से निर्देशों के संबंध में डीएम सेल्वा कुमारी जे ने जिले के अधिकारियों के साथ बैठक ली। डीएम और एसएसपी प्रेस से भी रूबरू हुए।
डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सेल्वा कुमारी जे. ने कहा जिले में लोकसभा चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से कराएं जाएंगे। आदर्श चुनाव आचार संहिता का प्रभावी ढंग से पालन कराया जाएगा। मतदाता नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से पूर्व तक मतदाता सूची में नाम शामिल करा सकेंगे। जिले में तीसरे चरण में 23 अप्रैल को मतदान होगा।
डीएम कलक्ट्रेट सभागार में प्रेस से कहा भारत निर्वाचन आयोग ने लोकसभा 2019 के चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। चुनाव ईवीएम के साथ प्रत्येक बूथ पर वीवीपैड लगाए जाएंगे। इसका प्रशिक्षण मतदान केंद्र बार जागरुकता टीम दे रही है।मतदान के दौरान मतदाता स्लिप प्रिंट कर सकेगा।
मतदान के लिए आयोग की ओर से 11 विकल्प दिए हैं। संवेदनशील,अति संवेदनशील बूथों का चिह्नांकन कर लिया है। ऐसे केंद्रों पर पर्याप्तबल तैनात रहेगा। किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होने दी जाएगी। पेड न्यूज की निगरानी को समिति का गठन किया है। डीएम ने कहा कि जुलूस,सभाओं एवं मीटिंग के लिए प्रत्याशियों को भागदौड़ करने की जरूरत नहीं है। एप के माध्यम से ही आवेदन करें और ऑनलाइन अनुमति प्रदान की जाएगी।
इस दौरान एसएसपी सचिंद्र पटेल,सीडीओ नेहा जैन,एडीएम छोटेलाल मिश्रा,एसपी देहात राजेश कुमार,नगर मजिस्ट्रेट अजय कुमार तिवारी,सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी रेनू अग्रवाल,राजेंद्र सिंह,सुभाष आदि मौजूद थे।