विधानसभा मतदाता सूची का हुआ आलेख्य प्रकाशन, नाम शामिल कराने के लिए भरें फार्म संख्या छह
16 दिसंबर तक भर सकेंगे आवेदनपत्र, 21, 22 एवं 28 व 29 नवंबर को विशेष दिवस, किसी भी समस्या के समाधान के लिए डायल करें टोल-फ्री नंबर 1950
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। विधानसभा निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन मंगलवार को हो गया। जिले में सात माह में 18 हजार के करीब मतदाताओं की बढ़ोतरी हो गई। 10 अप्रैल 2026 को जिले में मतदाताओं की संख्या 17.31 लाख थी। जबकि आज मतदाताओं की संख्या 17 लाख 49 हजार 568 है। इसमें नौ लाख 49877 पुरुष एवं सात लाख 99632 महिला तथा 59 थर्ड जेंडर हैं। जिले की जेंडर अनुपात प्रति एक हजार पुरुष मतदाता के सापेक्ष 842 एवं ईपिक अनुपात 55.75 है। युवा मतदाताओं की संख्या 24822 तथा 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की संख्या 9660 है। डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करा सकेंगे।
डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान कहा कि दस अप्रैल 2026 को जिले में मतदाताओं की संख्या 17 लाख 31838 थी। पर 17 नवंबर को यह संख्या बढ़कर 17 लाख 49568 हो गई है। उन्होंने कहा कि विधानसभा मतदाता सूची के आलेख्य प्रकाशन होने के साथ 16 दिसंबर तक आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में जिन मतदाताओं के नाम शामिल नहीं है वह फार्म संख्या छह को भरकर बीएलओ के पास जमा करा सकेंगे। जबकि नाम काटने के लिए फार्म संख्या सात एवं स्थान परिवर्तन के साथ-साथ फोटो बदलने एवं पता आदि में सुधार कराने को फार्म आठ को भरना होगा।
उन्होंने कहा कि युवा मतदाताओं को जोड़ने के लिए कॉलेजों में ईएलसी क्लब का गठन करने के साथ ग्रामीण अंचल में चुनावी पाठशाला का आयोजन किया जाएगा। डीएम ने कहा कि सीएससी संचालकों को प्रशिक्षण दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की कोई समस्या के निदान को टोलफ्री नंबर 1950 पर शिकायत दर्ज करा सकेंगे। राजनीतिक दलों से भी सभी बूथों पर बूथ लेबिल एजेंट (बीएलई) नियुक्त करने को कहा गया है। इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल एवं प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अबधेश कुमार निगम एवं जिला सूचना अधिकारी नरेंद्र सिंह मौजूद थे।
विधानसभा वार मतदाता,.
विधानसभा -पुरुष -महिला -थर्ड जेंडर -कुल मतदाता
टूंडला (सुरक्षित) -197367-165026 -10 -362403
जसराना -196262 -164231 -04 -360497
फिरोजाबाद -206236 -178240 -34 -384510
शिकोहाबाद -179136 -150329 -09 -329474
सिरसागंज -170876 -141806 -02 -312684
कुल -949877 -799632 -59 -1749568
जिले में कुल युवा मतदाता-24822
85 वर्ष अधिक उम्र के मतदाता-9660
पीडब्ल्यूडी (दिव्यांग) मतदाता-12594
एसआईआर में कटे नाम वह भी भर सकेंगे फार्म छह
फिरोजाबाद। डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि एसआईआर के दौरान जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कट गए थे। ऐसे मतदाता भी फार्म छह को भरकर जमा करा सकेंगे। इसके लिए उन्हें अभिलेख देने होंगे। उन्होंने कहा कि मतदाता पहचान पत्र हाथ में होना अनिवार्य नहीं है बल्कि मतदाता सूची में नाम होना चाहिए तभी अब मतदान में शामिल हो सकेंगे। इसलिए सभी लोग मतदाता सूची में नाम शामिल कराना सुनिश्चित करें। संवाद