फिरोजाबाद। सांसद चुनने के लिए सुहागनगरी की जनता 23 अप्रैल को मतदान करेगी। वोट डालने के लिए हजारों वोटर कार्ड बनकर आ चुके हैं। बीएलओ शुक्रवार से नए वोटर कार्ड बांटने को घर-घर दस्तक देंगे।
सदर तहसील में 17000 से अधिक आवेदन किए गए। इसमें 18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवाओं के साथ, स्थान परिवर्तन के लिए आवेदन शामिल थे। फिरोजाबाद विधानसभा 97 के अंतर्गत 31 जनवरी तक आवेदन करने वालों के आवेदकों के नए वोटर कार्ड बनकर आ गए हैं। सदर तहसील को बुधवार को 16900 नए वोटर कार्ड मिले हैं। एसडीएम सदर राजेश कुमार वर्मा के निर्देश पर गुरुवार को सुबह से शाम तक संबंधित बीएलओ को वोटर कार्ड उपलब्ध करा दिए गए।
तहसीलदार सदर बीएन कठेरिया ने बताया कि 31 जनवरी तक आवेदन करने वाले सभी आवेदकों के नए वोटर कार्ड आ गए हैं। शुक्रवार को बीएलओ को उपलब्ध करा दिए हैं। सभी बीएलओ को निर्देश दिए हैं कि जल्द से जल्द नए वोटर कार्ड वितरित करें। वोटर कार्ड वितरण में लापरवाही पर संबंधित बीएलओ पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।