भदोही के गोटइया गांव में दो पक्षों के मामूली विवाद में बवाल हो गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर गोलियां चलाईं।
इस दौरान चार लोग घायल भी हो गए। बवाल में एक बिरादरी के पांच सौ लोगों ने विपक्षी परिवार पर हमला बोल दिया।
फाड़ी एसओ की वर्दी
परिवार ने बचने के लिए खुद को घर में बंद किया, तो गुस्साए लोगों ने घर में आग लगा दी। बचाव के लिए पुलिस पहुंची लेकिन, लोग एसओ से भी भिड़ गए और उसकी वर्दी तक फाड़ दी।
अंत में कई थानों की फोर्स के साथ पुलिस अधीक्षक ने खुद मोर्चा संभाला और घर के अंदर बंद परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला।
गांव में आई कई थानों की पुलिस
गांव में कई थानों की पुलिस और पीएसी लगाई गई है। गांव में गौरीशंकर मिश्रा और अमरनाथ चौहान के बीच खेत में बकरी जाने को लेकर मारपीट हुई थी।
बृहस्पतिवार सुबह गौरीशंकर का पुत्र रविशंकर खेत में गोबर फेंक रहा था।
लगाया मारने का आरोप
अचानक सामने के खेत में काम कर रही अमरनाथ की बहू चंद्रकला ने गौरीशंकर पर मारने-पीटने का आरोप लगा हल्ला मचाना शुरू कर दिया।
इसके बाद उसके घरवाले आ गए और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों से तमंचे से गोलियां चलने लगीं। एक पक्ष से रविशंकर, जबकि दूसरे पक्ष से चंद्रकला को गोली लगी।
और भिड़ गए दोनों गुट
चंद्रकला को गोली लगने की खबर सुनते ही बिरादरी के लोग उग्र हो गए और मिश्रा के घर पर पथराव और तोड़फोड़ शुरू हो गई।