रिफाइनरी एवं एचपीसीएल के बीच बदन ऑयल केयर के बाड़े में बुधवार शाम भीषण आग लग गई।
आग से बाड़े में खड़े चार टैंकर एवं दो बाइक जल गई।
यह घटना एक टैंकर से दूसरे टैंकर में पेट्रोल डालते समय बरती गई लापरवाही के कारण हुई।
रिफाइनरी एवं फायरब्रिगेड की आठ दमकलों ने सवा दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग की तपिश पचास मीटर दूर तक महसूस की गई।
रिफाइनरी से लगभग दो सौ मीटर दूरी पर बदन ऑयल केयर का बाड़ा है। बाड़ा मालिक नरसीपुरम निवासी बलवीर, कल्याण सिंह एवं धर्मवीर इस बाड़े में अपने टैंकर खड़ा करते हैं।
तीनों आपस में भाई है तथा ये रिफाइनरी से ऑयल का परिवहन करते हैं। बुधवार को बाड़े में सात टैंकर थे। इनमें से दो में पेट्रोल भरा था। कर्मचारी एक टैंकर से दूसरे टैंकर में पेट्रोल डालकर उसे खाली कर रहे थे।
सायं चार बजे के करीब कोई ज्वलनशील वस्तु वहां गिर गई। इसके बाद एक टैंकर में भयानक आग लग गई। आनन फानन में कर्मचारी तीन टैंकरों को तो बाड़े से बाहर ले जाने में सफल रहे, लेकिन तब तक चार टैंकर आग की लपटों में घिर गए।
टैंकरों में आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना पर रिफाइनरी की तीन और फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकलों की मदद से सवा दो घंटे में आग बुझाई जा सकी।
लेकिन तब तक चारों टैंकर जल चुके थे। यही नहीं बाड़े में खड़ी दो बाइक भी जल गई। सूचना पर थाना रिफाइनरी के एसओ अशोक यादव, अग्निशमन अधिकारी विजय प्रकाश त्रिपाठी, रिफाइनरी के चीफ मैनेजर फायर सेफ्टी पीके अग्रवाल समेत अन्य अफसर मौके पर पहुंच गए।