शहर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव के पास एक पटाखा फैक्ट्री में शुक्रवार शाम चार बजे आग लगने के साथ हुए भीषण विस्फोट से 8 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। धमाका इतनी तेज था पटाखा फैक्ट्री और उससे सटी दो दुकानों की इमारत पूरी तरह धराशायी हो गई। इस धमाके की वजह से फैक्ट्री के पास स्थित साइकिल की दुकान पर बैठे लोग, मजदूर और वहां से गुजर रहे लोग इसके चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि मौका-ए-वारदात पर ही सात लोगों ने जबकि एक ने अस्पातल में दम तोड़ा। इसके अलावा तीन घायलों को जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
शहर के आदर्श नगर मोहल्ला निवासी श्यामलाल ने बदायूं-ककराला रोड पर रसूलपुर गांव के पास छह दुकानें बनवाई थीं। इनमें एक दुकान सिविल लाइंस इलाके के दौरी नरोत्तमपुर निवासी संजू (25) ने किराये पर ले रखी थी। संजू दुकान में पटाखे बनाने और बेचने का काम करता था। शुक्रवार शाम करीब चार बजे अचानक संजू की दुकान में आग लगने के साथ जोरदार धमाका हुआ। धमाके से तीन दुकानें पूरी तरह ढह गईं। इमारत की ईंटें दूर तक जा गिरीं।
हादसे में मरने वालों में दुकान मालिक संजू, सिविल लाइंस इलाके के हादीपुर गांव का रमेश (30), रसूलपुर निवासी शेर सिंह (45) शहर के कोतवाली क्षेत्र के हकीमगंज मोहल्ले का यामीन (40) भी शामिल हैं। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर परिवार वाले जिला अस्पताल पहुंचे तो कोहराम मच गया। डीएम दिनेश कुमार सिंह और एसएसपी अशोक कुमार ने मौका मुआयना किया।
हादसे के बाद जिला अस्पताल में हजारों की संख्या में लोग देर शाम तक पहुंच गए। पीड़ित परिजनों के हालात को देखकर वहां मौजूद कोई भी व्यक्ति अपने आंसू रोक नहीं पा रहा था। हर किसी की जुबान से यही निकल रहा था कि बहुत बुरा हुआ।