पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। सीजफायर का उल्लंघन और दो भारतीय सैनिकों की नृशंस हत्या के विरोध में पूरा देश आक्रोशित है कि इसी बीच पाक ने कुछ आतंकियों की यूपी में घुसपैठ करवा दी है। केंद्रीय खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट के अनुसार बांग्लादेश से होते हुए नेपाल के रास्ते करीब 50 आतंकवादी यूपी में घुसे हैं।
आशंका जताई जा रही है कि ये आतंकी इंडियन मुजाहिदीन के सदस्यों के साथ मिलकर यहां 26 जनवरी के आस पास कोई बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। केंद्रीय खुफिया एजेंसियों की इस रिपोर्ट ने प्रदेश के गृह विभाग को सतर्क कर दिया है। इसी के मद्देनजर शासन ने प्रदेश के 32 संवेदनशील जिलों में अलर्ट जारी कर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद करने का आदेश जारी किया है। इन आतंकियों के निशाने पर सरकारी/ऐतिहासिक इमारतें और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थल या प्रसिद्ध धार्मिक स्थल हो सकते हैं।
अलीगढ़ रेंज के डीआईजी प्रकाश डी ने कहा कि अभी तक अलीगढ़ मंडल में कोई आतंकी गतिविधि प्रकाश में नहीं आयी है। लेकिन खुफिया एजेंसियों की सलाह पर पूरी सतर्कता बरती जा रही है। एलआईयू, सिविल पुलिस चौकन्ना है। आम जनता से अपील की जा रही है किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को देखते ही तत्काल सूचित करें।
खुफिया एजेंसियों की मानें तो लश्कर-ए-ताइबा के हाफिज सईद की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। यह संगठन भारत में भी अपने नापाक मंसूबों को अंजाम देना चाहता है। इसका संबंध इंडियन मुजाहिदीन से भी है, जो भारत में आतंकी घटनाओं को अंजाम देता रहा है। इसी के माध्यम से लश्कर भारत में हमले की साजिश रच रहा है।
यहां जारी किया गया अलर्ट
अलीगढ़, मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, मथुरा, आगरा, बरेली, पीलीभीत, कानपुर, लखनऊ, मऊ, आजमगढ़, मथुरा, फैजाबाद, रामपुर, शाहजहांपुर, बहराइच, सिद्धार्थनगर, सोनभद्र, महाराजगंज, गोरखपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, बलिया, प्रतापगढ़ आदि।