गोला थाना क्षेत्र में एक शर्मनाक घटना सामने आई है। पिता पर बेटी के साथ रेप कर हत्या का आरोप लगा है। आरोप किशोरी की मां ने ही लगाया है। इतना ही नहीं यह भी आरोप है कि हत्या के बाद शव को पास में ही सरयू नदी में फेंक दिया गया। पुलिस मां की तहरीर के आधार पर रेप, हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना छह जुलाई की बताई जा रही है। गोला इलाके के एक गांव की रहने वाली महिला का आरोप है कि वह मायके गई थी और बच्चे पिता के साथ घर पर थे। अकेला पाकर पिता ने 16 साल की बेटी से रेप किया और फिर उसकी हत्या कर दी। आरोप है कि उसके पति और गांव के कुछ लोगों ने मिलकर किशोरी की लाश सरयू नदी में फेंक दी।
महिला ससुराल पहुंची और छोटी बेटी तथा बेटे से बात की तो पिता का खौफनाक चेहरा सामने आया। पता चला कि नशे में धुत पिता ने अपनी ही बेटी के साथ रेप किया और बेटी ने जब मां से शिकायत करने की बात कही तो उसने गुस्से में गला दबा दिया। बेटी की मौत के बाद उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए घर में छत की कुंडी से शव टांग दिया। बाद में पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव को सरयू में फेंक दिया।
16 दिन पहले दी थी तहरीर
महिला ने इस मामले में16 दिन पहले ही तहरीर दी थी। लेकिन तब इंस्पेक्टर रहे अंजनी श्रीवास्तव ने तहरीर न मिलने की बात कहते हुए पूरी घटना को ही गलत ठहरा दिया था। बाद में महिला ने बेटी को बरामद करने की बात कही। बोला कि यदि घटना गलत है तो बेटी को बरामद किया जाए। पुलिस इसके बाद भी सक्रिय नहीं हुई। अब महिला ने एसएसपी से शिकायत की। जिसके बाद केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।