फतेहपुर जिले में पति से हुई कहासुनी के बाद महिला ने अपने नौ माह के बच्चे को गोद में लेकर ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को मर्च्युरी भेजा। प्रयागराज के बेदंव, करछना निवासी उमेश पटेल रेलवे के सिग्नल विभाग में अवर अभियंता हैं और कंसपुर गुगौली रेलवे स्टेशन पर तैनात हैं।
स्टेशन के पास ही वह पत्नी अर्चना पटेल (25) व बेटे प्रत्यूष (नौ माह) के साथ किराये पर रहते हैं। मंगलवार सुबह अर्चना ने पति उमेश से अपना बैंक खाता चेक कराने के लिए कहा तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद उमेश ड्यूटी पर चले गए।
दोपहर करीब दो बजे अर्चना, बेटे प्रत्यूष को लेकर हरिहरगंज रेलवे क्रासिंग पर दुर्गा मंदिर के पास पहुंची और गरबा सुपरफास्ट एक्सप्रेस के आगे कूद गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर हरिहरगंज चौकी प्रभारी विजय त्रिवेदी मौके पर पहुंचे।
पास में मिले कागज से अर्चना की पहचान हुई तो पति उमेश पटेल को खबर दी गई। घटना की जानकारी पर परिवार के अन्य लोग भी प्रयागराज से आ गए। सदर कोतवाली प्रभारी सत्येंद्र सिंह ने बताया कि घरेलू विवाद के चलते यह घटना हुई है।