फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के केवई गांव में शनिवार रात लक्ष्मी देवी (35) का शव फंदे से लटका मिला। पनीर की सब्जी खिलाने के बाद पड़ोसी की बकरी की मौत हो गई थी। इससे महिला अवसाद में थी। बकरी की मौत के बाद महिला को जुर्माने और मारपीट का डर था।
परिजन ने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले गांव में बरात आई थी। बरात से लक्ष्मी देवी पनीर की सब्जी लाई थी। सब्जी खराब होने पर महिला ने पड़ोसी की बकरी को डाल दिया। इससे पड़ोसी ने आपत्ति जताई और शाम को महिला को डांटा।
इसके बाद रात में वह सो गई। रविवार सुबह पति सुमेर रैदास ने कमरे में फंदे से पत्नी का शव लटका देखा। महिला का पांच माह का बच्चा भी है। प्रभारी निरीक्षक विनोद मौर्या ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की जांच की जाएगी।
सादीपुर चौराहे से युवक का शव मिला
सदर कोतवाली क्षेत्र के सादीपुर चौराहा स्थित रेस्टोरेंट के सामने राहगीरों की सूचना पर रविवार सुबह युवक का शव पुलिस ने बरामद किया। पुलिस को आसपास के लोगों से पता लगा कि युवक बकेवर थाना क्षेत्र के बिजौली गांव निवासी रमेश था। उसका कई साल से मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। वह भिक्षा मांगता था। पुलिस की सूचना पर रमेश के परिजन पोस्टमार्टम पहुंचे। यहां मामा श्रीलाल ने बताया कि कई साल से भांजा घर नहीं पहुंचा था। उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं रहती थी।
युवक ने कमरे में फंदा लगाकर दी जान
जहानाबाद थाना क्षेत्र के कस्बा के चंदागली निवासी मानस विश्वकर्मा उर्फ बउआ (21) ने रविवार शाम कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। परिजन उसे सीएचसी जहानाबाद ले गए। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पड़ोसियों के अनुसार युवक के पिता की एक वर्ष पूर्व मौत हो गई थी। उसकी मां ऊषा की दो माह पहले कैंसर से मौत हो गई। इसी तनाव में युवक ने आत्महत्या की है। थानाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह ने बताया कि परिजन से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।