फतेहपुर। होली से पहले जिले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने विशेष अभियान चलाकर कुल 962 किलो खाद्य सामग्री जब्त की है। रविवार को दो खाद्य प्रतिष्ठानों पर जांच की गई। मौके से बेसन और बूंदी दाना कब्जे में लिया गया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित ने बताया कि रामगंज पक्का तालाब स्थित सोना फूड प्रोसेसिंग यूनिट से 186 किलो बेसन जब्त किया गया। इसकी कीमत करीब 14 हजार रुपये बताई गई। ढकौली स्थित राकेश ट्रेडर्स से 776 किलो बूंदी दाना जब्त किया गया। इसकी कीमत लगभग 1.25 लाख रुपये आंकी गई।
जब्त सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने दुकानदारों को खाद्य सामग्री ढककर रखने, दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखने और बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार न करने के निर्देश दिए हैं। अभियान आगे भी जारी रहेगा।