असोथर। थाना क्षेत्र के अंदमऊ में महिला ने मकान पर कब्जे का आरोप लगाया है। पीड़िता स्व. राजबहादुर की पत्नी बुधनी ने एसडीएम को बुधवार को शिकायती पत्र दिया है।
इसमें बताया कि उसकी दोनों आंखें खराब हैं। बेटा मानिकचंद मूक एवं मानसिक बीमार है। उनके पास जर्जर मकान है। इसमें वे लोग रह रहे हैं। आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने मकान की घरौनी अपने नाम करा ली है और फर्जी लिखापढ़ी के आधार पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है।
विरोध पर व्यक्ति बेटे को जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़िता ने जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत की है। एसडीएम सदर प्रतिभा श्रीवास्तव ने बताया कि जांच कराई जा रही है। थाना प्रभारी धीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि जांच में यदि कब्जा या धमकी देने की पुष्टि होती है तो कार्रवाई की जाएगी।