फतेहपुर। शादी के करीब सात माह बाद पत्नी ने पति को नामर्द बताते हुए उसके साथ रहने से इन्कार कर दिया। वहीं पति का आरोप है कि पत्नी का किसी युवक से प्रेम प्रसंग था और वह दिन-रात उससे कई बार फोन पर बात करती थी।
बाद में पत्नी ने जहर खाने का नाटक किया और ससुराल से नकदी व जेवर लेकर मायके वालों के साथ चली गई। मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर पत्नी समेत छह ससुरालियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
ललौली थाना क्षेत्र के एक युवक की शादी 20 फरवरी को राधानगर थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती से हुई थी। युवक ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद पत्नी लगातार किसी युवक से फोन पर बात करती थी। विरोध करने पर वह नाराज हो जाती और उसे नामर्द कहते हुए उसके साथ रहने से इन्कार करती थी। 21 जून को युवक पत्नी को विदा कराने ससुराल पहुंचा। वहां दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई।
आरोप है कि इसके बाद पत्नी ससुराल आई और 24 जून को कुछ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे पीएचसी ले गए। यहां डॉक्टर ने जहर खाने की पुष्टि की। इसके बाद मायके पक्ष के लोग पहुंचे और उसे मेडिकल कॉलेज ले गए।
उसी दिन अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वह मायके वालों के साथ ससुराल पहुंची। पति का आरोप है कि पत्नी घर से पांच लाख रुपये के जेवर और एक लाख रुपये नकद लेकर मायके चली गई। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद राव ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।