फोटो-50- सेवानिवृत्त डीजी सूर्य कुमार शुक्ला।
फतेहपुर। पुलिस लाइन स्थित गेस्ट हाउस में शनिवार को पूर्व डीजी होमगार्ड एवं सुशासन विभाग के प्रदेश संयोजक डॉ. सूर्यकुमार शुक्ला ने शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए विकासखंड स्तर पर 25 प्रकार के व्यवसाय शुरू कराने की योजना के बारे में बताया। इसके तहत 10 दिन का प्रशिक्षण देने के साथ पांच हजार रुपये दिए जाने की बात कही।
उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत युवाओं को पांच लाख रुपये तक का ऋण बिना गारंटी और बिना ब्याज उपलब्ध कराने की जानकारी दी। बांग्लादेशी घुसपैठियों के निष्कासन से जुड़े दावे भी रखे।
बांग्लादेश और पाकिस्तान से प्रताड़ित होकर आए हिंदू, सिख, सिंधी-पंजाबी और जैन समुदाय के लोगों को चिह्नित कर करीब सवा लाख लोगों के नागरिकता संबंधी आवेदन कराए गए हैं। गोपनीय जांच के बाद नागरिकता देने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने सुशासन विभाग में भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतें प्रमाणों के साथ करने की अपील की।