फतेहपुर। मलवां ब्लॉक के अल्लीपुर में हाईवे किनारे बेशकीमती भूमि पर कब्जे के आरोप को लेकर रविवार को राजस्व टीम की मौजूदगी में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। हंगामा बढ़ने पर टीम ने दोनों पक्षों को शांत कराया और विवादित भूमि पर निर्माण रुकवा दिया। कानूनगो की रिपोर्ट आने तक मौके पर यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अल्लीपुर निवासी जितेंद्र पटेल ने डीएम से शिकायत की थी कि उनकी भूमि के बगल में पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पति सुरेश पटेल ने मोमिना बेगम से 17 बिस्वा भूमि का बैनामा कराया है। आरोप है कि इसके बाद उनके हिस्से की करीब ढाई से तीन बीघा जमीन पर दीवार खड़ी कर कब्जे की कोशिश की जा रही है। शिकायत पर रविवार को सदर तहसीलदार अमरेश सिंह राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
जितेंद्र ने टीम को बताया कि विपक्षी पक्ष ने खेत में खड़ी धान की फसल गिराकर भूमि पर कब्जा करने और दीवार खड़ी करने की कोशिश की। उनका कहना है कि भूमि उनकी मां शकुंतला देवी के नाम दर्ज है और खेत में धान की फसल खड़ी है। जांच के दौरान दोनों पक्षों में तीखी बहस हो गई।
आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने पुलिस और राजस्व टीम के सामने सत्ताधारी नेताओं से फोन कराकर निर्माण कराने की कोशिश की। तहसीलदार अमरेश सिंह ने बताया कि कानूनगो की रिपोर्ट आने तक मौके पर किसी भी प्रकार का निर्माण नहीं करने की हिदायत दी गई है।