फोटो-27-गाजीपुर बस स्टाॅप में जलती बस। वीडियो ग्रैब
फतेहपुर। दीपावली की रात शहर के अलग-अलग इलाकों में आग लग गई। राधानगर थाना क्षेत्र स्थित गाजीपुर बस स्टॉप पर खड़ी दो निजी बसें आग की चपेट में आ गईं। वहीं दो दुकानों में भी आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ।
राधानगर क्षेत्र में एक बस में अचानक आग भड़क उठी। आग ने पास खड़ी दूसरी बस को भी चपेट में ले लिया। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने अन्य बसों को धक्का देकर हटाया।
थाना प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्रा और एफएसओ दीपक कुमार दमकल टीम के साथ पहुंचे और आग पर काबू पाया। एक बस पूरी तरह जल गई, जबकि दूसरी को गंभीर नुकसान हुआ।
पुलिस के अनुसार कुछ दूरी पर खड़ी एक अन्य बस में मोमबत्ती जलती मिली, जिसे समय रहते बुझा दिया गया। आशंका है कि दीपावली की पूजा के दौरान मोमबत्ती से बस में आग लगी।
सिविल लाइंस निवासी सौरभ श्रीवास्तव की एसपी आवास के पास स्थित इलेक्ट्रॉनिक दुकान में भी रात करीब 10 बजे आग लग गई। पड़ोसियों की सूचना पर दमकल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। दुकानदार ने भारी नुकसान की बात कही है।
जाफरगंज क्षेत्र के काकोरा गांव निवासी शिवबाबू निषाद की मऊदेव बाजार में मोबाइल शॉप में भी मोमबत्ती से आग लग गई। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। दुकानदार के अनुसार लगभग दो से तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
फोटो-27-गाजीपुर बस स्टाॅप में जलती बस। वीडियो ग्रैब