फोटो-35-कोतवाली में खड़े आरोपी। स्रोत: पुलिस
फतेहपुर। बाइक सवार दो लुटेरों और लूट का मोबाइल खरीदने वाले दुकानदार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, 2900 रुपये और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई है। तीनों आरोपियों को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास निवासी रंजना सिंह 20 अक्तूबर की शाम नवीन मार्केट के पास एक रेस्टोरेंट के सामने खड़ी थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उनके हाथ से मोबाइल छीनकर भाग गए थे। मोबाइल के कवर में 800 रुपये भी रखे थे।
कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और बाइक नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। रविवार को भिटौरा रोड स्थित वृद्धा आश्रम के पास से हुसैनगंज थाने के भोलापुर निवासी अंजुल यादव उर्फ मटोले और अभिषेक यादव उर्फ सेट्टी यादव को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वारदात के समय अंजुल बाइक चला रहा था, जबकि अभिषेक ने मोबाइल छीना था। मोबाइल के कवर में मिले 800 रुपये दोनों ने आपस में 400-400 रुपये बांट लिए थे। इसके बाद लूटा गया मोबाइल भिटौरा निवासी नीलेश साहू को 2500 रुपये में बेच दिया था।
पुलिस ने नीलेश की निशानदेही पर मोबाइल बरामद किया। नीलेश की मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान है और उसने मोबाइल को फॉर्मेट कर दिया था। कोतवाल ने बताया कि तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
फोटो-35-कोतवाली में खड़े आरोपी। स्रोत: पुलिस