खागा। कानपुर से भदोही जा रहे बाइक सवार तीन दोस्त शनिवार सुबह सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसे में दो की मौत हो गई, तीसरा दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों परिवार के लोग खागा कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने हादसे की रिपोर्ट दर्ज की है।
भदोही जिला गोपीगंज थानाक्षेत्र के महुआरी धनीपुर गांव निवासी रामकृष्ण मिश्रा का पुत्र सुमित मिश्रा (25) फरीदाबाद में निजी बैंक में फाइनेंसकर्मी था। उसके भदोही घर में शनिवार को पूजा का आयोजन था। पूजा में शामिल होने के लिए गोपीगंज थाने के बिरनई निवासी अंकुर उपाध्याय (24) व हापुड़ जिला बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के होशियारपुर गढ़ी निवासी नीरज शर्मा (24) दोनों दोस्तों को बुलाया था। तीनों नोएडा से एक बाइक में भदोही जा रहे थे। खागा कोतवाली क्षेत्र के हाईवे पर अमांव स्थित जायसवाल होटल के नजदीक गलत दिशा में खड़े ट्रक से टकरा गए। राहगीरों ने एंबुलेंस बुलाई। तीनों को हरदों सीएचसी भेजा। डाक्टर ने सुमित मिश्रा व अंकुर उपाध्याय को मृत घोषित कर दिया। तीसरे घायल नीरज शर्मा को जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने परिजनों को खबर दी। भदोही से परिजन खागा कोतवाली पहुंचे। सुमित के पिता रामकृष्ण मिश्रा ने कोतवाली में हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया किसी वाहन की टक्कर से बेटे व उसके दोस्त की मौत हुई है। अंकुर उपाध्याय और नीरज नोएडा स्थित साफ्टवेयर कंपनी में काम करते थे। सुमित और अंकुर एक ही जिले के होने के साथ पुराने मित्र भी थे।