धाता/प्रेमनगर। धाता व सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र अंतर्गत सड़क हादसों में रविवार को दो लोगों की मौत हो गई। हादसों में सिपाही के किसान पिता और एक अधेड़ की जान गई है। हादसों से परिजनों का हाल बेहाल हो गया। धाता हादसे में शव ट्रक से रौंद जाने से क्षत-विक्षत हो गया।
धाता क्षेत्र के सोनारी गांव निवासी उदयभान सिंह (65) किसान थे। उनका बड़ा बेटा सौरभ सिंह गाजीपुर जनपद में सिपाही है। दूसरा बेटा महाराष्ट्र के पुणे में नौकरी करता है। वह सुबह साइकिल से धाता कस्बे में मधुमेह की जांच कराने जा रहे थे। नरसिंहपुर कबरहा गांव के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उदयभान को टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने पर चालक भागने के प्रयास में उदयभान को कुचलता निकल गया।
हादसे के बाद किसान का शव क्षत-विक्षत हो गया। एक घंटे बाद जेब में रखी खून जांच की पर्ची के आधार पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। हादसे की खबर पर पत्नी चिरौंजी देवी रोती बिलखती पहुंची। उपुलिस ट्रक की तलाश में आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
उधर, खागा कोतवाली क्षेत्र के धूमनगंज मोहल्ला निवासी आशिक (55) रिश्तेदार के घर सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के इजुरा बुजुर्ग गांव गए थे। वह रविवार को इजुरा मोड़ पर सड़क किनारे खड़े थे। बहेरा चौकी की ओर से आ रही डीसीएम की टक्कर से आशिक गंभीर रूप से घायल हो गए। बेटे आशिक ने बताया कि पिता को सीएचसी लेकर जा रहे थे। रास्ते में ही पिता की सांसें थम गई। प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि बेटे की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। हादसा करने वाले डीसीएम व चालक पकड़ा गया है।