रंग बरसे भीगे चुनरवाली रंग बरसे... और होली खेलें रघुबीरा अवध में...गीतों के बीच लोग होली में खूब धूम धड़ाका करेंगे इसके लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। अबकी होली में पटाखे, राकेट और महताब छूटेंगे लेकिन ये आतिशबाजी नहीं बल्कि रंग बरसाएंगे। ऊपर जाकर ये पटाखों की तरह फटेंगे और रंग की बारिश होगी।
होली को लेकर हर तरफ उत्साह उमंग छाया हुआ है। शहर के चौक, शादीपुर, पटेलनगर, ज्वालागंज, देवीगंज, हरिहरगंज आदि इलाकों में पिचकारी और रंग व अबीर गुलाल से बाजार सज गया है। त्योहार में मौज मस्ती करने के लिए बच्चों में कुछ ज्यादा ही उत्साह दिख रहा है।
चौक इलाके में स्मोक फाउंटेन से कई रंग एक साथ बिखेरेंगे तो स्मोक क्रैकर्स कलरफुल धुएं के साथ धूम धड़ाका मचाएंगे। इसके अलावा इको फ्रेंडली गुलाल भी मार्केट में आया है। यह गाल में लगने के एक मिनट बाद गायब हो जाएगा लेकिन इसकी खुशबू आपको सारा दिन तरोताजा रखेगी।
चौक में पिचकारी और रंग की दुकान सजाए नीरज गुप्ता ने बताया कि दिनभर खरीदारी हो रही है। बच्चे खूब पिचकारी खरीद रहे हैं। इसके अलावा मास्क, कैप और मुखौटे भी खूब बिक रहे हैं। बच्चों को डबल धार पिचकारी खूब पसंद आ रही है। इस पिचकारी में रंग या पानी की डबल धार निकलेगी और डेढ़ मीटर दूर तक जाएगी।
इसकी कीमत करीब 250 रुपये है। ट्रिगर लॉक पिचकारी में रंग डालने के बाद इसका ट्रिगर लॉक कर देंगे तो रंग अपने आप निकलता रहेगा। इसी प्रकार टैंक पिचकारी आर्मी जवान की तरह बच्चे रंग भरकर टैंक बरसाएंगे। इसकी कीमत 120 से 150 रुपये है। पेंसिल पिचकारी पेंसिल जैसी डिजाइन वाली पिचकारी 120 से 180 रुपये में हैं।