बकेवर। थाना क्षेत्र के पतारी गांव में रविवार रात चोरों ने चार घरों को निशाना बनाया। एक किसान के घर से करीब दो लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गांव निवासी सुरेश कुमार वर्मा किसान हैं। वह रात में दूसरे घर में सोने गए थे। तभी चोर छत के रास्ते घर में घुस गए और कमरे का ताला तोड़कर बक्से व अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर पार कर ले गए। सुबह घर पहुंचने पर सामान बिखरा मिला।
किसान के अनुसार करीब दो लाख रुपये के जेवर चोरी हुए हैं। पड़ोसी कृष्ण कुमार, शिवगोपाल और सतेंद्र के घरों की कुंडी काटकर भी चोर अंदर घुसे लेकिन ये परिवार कानपुर में रहने के कारण घर बंद थे और वहां से कोई खास सामान नहीं ले जा सके। थानाध्यक्ष तुषार श्रीवास्तव ने बताया कि घटनाओं की जांच की जा रही है।