चौडगरा। कल्यानपुर थाने के पीछे रहने वाले किसान के घर से चोरों ने साढ़े पांच लाख का माल पार कर दिया। घर के लोगों की सुबह नींद खुली तो घटना की जानकारी हुई। पुलिस को सूचना दी गई तो वह दो घंटे बाद मौके पर पहुंची। किसान का बेटा दुबई में नौकरी करता है।
कल्यानपुर थाने के पीछे किसान छोटेलाल पासवान का घर है। रविवार शाम छोटेलाल परिवार के साथ बरामदे में सो रहे थे। चोर पीछे के दरवाजे पर रखीं ईंटों को हटाकर घर में घुसे। कमरे का ताला तोड़ा और अंदर रखा बक्सा उठा ले गए। छोटेलाल की पत्नी राजबेटी और बेटी सोनम की सुबह नींद खुली तो उन्होंने कमरे का ताला टूटा और बक्सा गायब देखा। घटना की जानकारी ग्रामीणों को हुई। खोजबीन हुई तो घर के पीछे शिवनारायण के खेत में बक्सा पड़ा मिला। सामान बिखरा था।
छोटेलाल ने बताया बक्से में रखे बहुओं की पायल, हाफपेटी, सोने की माला, बेसर, झुमकी, सोने की जंजीर, दो जोड़ी झुमकी, बेटी की मांग की बेेंदी, मंगलसूत्र, जंजीर, झुमकी, अंगूठी, बेसर व पत्नी के चांदी की तीन अंगूठी, जंजीर, तोड़िया और बाला रखे थे। जेवरात की कीमत करीब पांच लाख रुपये है। 50 हजार नगदी भी चोरी हुई है। सूचना के दो घंटे बाद पुलिस पहुंची और छानबीन की। किसान छोटेलाल ने बताया कि एक बेटा सर्वेश दुबई में रहकर नौकरी करता है। प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।
चौडगरा। कल्यानपुर थानाक्षेत्र के मुरादीपुर चौराहे पर हरीकृष्ण गुप्ता का मेडिकल स्टोर है। रविवार रात चोरों ने ताला तोड़कर दिया और नगदी, सामान चोरी कर ले गए। सोमवार सुबह घटना की जानकारी हुई। हरीकृष्ण ने बताया कि चोर एक स्टेबलाइजर, प्रोटीन के डिब्बे, 6500 रुपये चोरी कर ले गए हैं। प्रभारी निरीक्षक अमित मिश्रा ने बताया कि जांच की जा रही है। (संवाद)