जहानाबाद। मोहल्ला लालूगंज में सोमवार की रात चोरों ने इलेक्ट्रानिक्स की दुकान के स्टोर का ताला तोड़कर चार लाख रुपये का सामान पार कर दिया। घटना की जानकारी दुकान मालिक को सुबह दुकान पहुंचने पर हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन कर चली गई। चोरी की तहरीर दी गई है, पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
लालूगंज में राज नंदनी इंटर प्राइजेज में पहले कंप्यूटर कोचिंग चलती थी। यह लॉकडाउन के समय से बंद है। कोचिंग के बगल में गोदाम और आफिस है। यहां कई एजेंसियों का माल रखा था। सोमवार की शाम दुकान मालिक मोतसीम दुकान बंद कर काजीटोला स्थित घर चले गए।
मंगलवार को रोज की तरह सुबह 10 बजे दुकान पहुंचे, तो देखा की मेन गेट का ताला टूटा है। अंदर जाने पर आफिस व गोदाम के भी ताले टूटे थे। सामान बिखरा था। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस छानबीन कर चली गई।
मोतसीम ने बताया कि 10 कंप्यूटर, एक प्लास्टिक कार्ड प्रिंटर मशीन, 10 सैनिटाइजर मशीन, 10 पंखे, दो हजार एलईडी बल्व, दो मिक्सी, 10 प्यूरीफायर, दो वाईफाई मशीन और 1000 नगद की चोरी हुई है। इनकी कीमत करीब चार लाख है। थाना प्रभारी संजय संधू का कहना है कि जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।