अल्लीपुर/जोनिहा। तेज आंधी से शुक्रवार रात महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। दीवार ढहने से छप्पर में दबकर सो रहे बुजुर्ग की दबकर मौत हो गई। दूसरी मौत आंधी के कारण तार टूटने से टीनशेड में आए करंट से महिला की हुई है।
मलवां थाना क्षेत्र के कोटिया गांव के बड़े बगहा निवासी सीताराम यादव (70) घर के बाहर छप्पर के नीचे सोए थे। परिवार के लोग छत पर लेटे थे। आंधी आने के कारण छप्पर की दीवार रात को भरभराकर ढह गई। दीवार के साथ ही छप्पर भी गिरा। छप्पर के ने सोते समय बुजुर्ग दब गया। आवाज सुनकर परिजन बाहर आए। शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। कड़ी मशक्कत के बाद बुजुर्ग को बाहर निकाला जा सका। उनकी अस्पताल लेकर जाते समय रास्ते में मौत हो गई। बुजुर्ग की पत्नी की कई साल पहले मौत हो गई थी। उनके तीन बेटे राकेश,जगरूप,मुकेश व एक पुत्री है। नायब तहसीलदार रचना यादव, लेखपाल सेवकलाल,कानूनगो वीरेंद्र तिवारी मौके पर पहुंचे। मुआवजे का परिवार को आश्वासन दिया है। उधर, बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के शहजादीपुर निवासी पंचम सिंह की मूकबधिर पत्नी विमला देवी (65) बेटों से अलग गांव किनारे दूसरे रहती थी। महिला एक पुत्र जसवंत सिंह मौरंग खदान में नौकरी करता है। दूसरा जयसिंह फौज से सेवानिवृत्त है और परिवार समेत शहर में रहता है। घर के बाहर टीनशेड के नीचे पंचम व विमला सोए थे। किसी काम से विमला देवी रात को उठी। टीनशेड का पोल पकड़ते ही करंट की चपेट में आ गई। उसकी मौके पर मौत हो गई। पति पंचम की सुबह नींद खुली तो पत्नी को टीनशेड पोल से चिपका देखकर पंचम के होश उड़ गए। उन्होंने टीनशेड पर घर का बिजली तार टूटा देखा। हादसे की सूचना पर बेटे पहुंचे। परिजनों ने चंद्रिकन गंगाघाट में शव का दाह संस्कार किया।