फोटो-23-डायट में पमाण पत्र व मोमेंटों के साथ मौजूद विजेता शिक्षक। स्रोत: स्वयं
फतेहपुर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में बृहस्पतिवार को जिला स्तरीय सप्तम कला, क्राफ्ट एवं पपेट्री प्रतियोगिता हुई। इसमें जिले के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों ने भाग लिया।
शिक्षकों ने बच्चों को पढ़ाई से जोड़ने और कठिन विषयों को सरल बनाने के लिए शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) प्रस्तुत की। ये सामग्रियां संस्थान परिसर में प्रदर्शित की गईं। विशेषज्ञों के निर्णायक मंडल ने निर्धारित मानकों पर इनका मूल्यांकन किया।
प्रतियोगिता का संचालन प्रवक्ता मानवेंद्र सिंह ने प्राचार्य मायाराम के मार्गदर्शन में किया। प्राथमिक स्तर पर भाषा विषय में हथगाम ब्लाॅक के कंपोजिट विद्यालय नौबस्ता के सोनू वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गणित विषय में ऐरायां ब्लाॅक के प्राथमिक विद्यालय मलूकपुर की अंजू लता श्रीवास्तव प्रथम रहीं।
उच्च प्राथमिक स्तर पर विज्ञान में बहुआ ब्लाॅक के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय सोनबरसा की अंविता शुक्ला, गणित में विजयीपुर ब्लाॅक के कंपोजिट विद्यालय गाजीपुर के हनुमंत प्रताप सिंह और सामाजिक विषय में भिटौरा ब्लाॅक के जूनियर विद्यालय शैदनापुर की नीतू सिंह का चयन किया गया।
चयनित प्रतिभागियों का विवरण राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भेजा गया है। नोडल प्रभारी ने शैक्षिक नवाचारों को प्रोत्साहन और निपुण भारत मिशन में टीएलएम की उपयोगिता बढ़ाने को प्रतियोगिता का उद्देश्य बताया।
फोटो-23-डायट में पमाण पत्र व मोमेंटों के साथ मौजूद विजेता शिक्षक। स्रोत: स्वयं