खागा। एक विवाहिता ने बुधवार दोपहर को घर के अंदर साड़ी से फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पड़ोस में रहने वाले ससुर व अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। विवाहिता को फंदे से उतारकर डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
खागा कोतवाली के त्योंजा गांव निवासी विजय उर्फ ननका मालदीव में नौकरी करता है। घर में उसकी पत्नी रूमा देवी (27) व दो बेटे रहते हैं। विजय के पिता अन्य परिजनों के साथ बगल में अलग रहते हैं। बुधवार दोपहर रूमा अपने कमरे में साड़ी से फंदा बनाकर छत के लोहे के हुक से लटक गई। घटना के समय उसके दोनों बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। कुछ ही देर बाद बच्चे घर पहुंचे। मां को लटका देखकर चिल्लाने लगे। शोर सुनकर ससुर व अन्य परिजन दौड़कर पहुंचे। रूमा को फंदे से अलग कर उपचार के लिए अस्पताल ले गए। सूचना पर रूमा के मायके गांव शिवपुरी से भी परिजन पहुंचे। घटना की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना किया। पुलिस ने समझाकर शव कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हल्का इंचार्ज उप निरीक्षक दिग्वेंद्र सौरभ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, परिजनों का किसी तरह का आरोप नहीं है।