फतेहपुर। शहर में जगह-जगह खुले में रखे ट्रांसफार्मर कभी हादसे का कारण बन सकते हैं। बिना जालियों से घिरे इन ट्रांसफार्मरों के तार भी खुले में लटक रहे हैं। कई तो चौराहों व मुख्य मार्गों पर रखे हैं, जहां खासी भीड़भाड़ होती है। इसके बाद भी विभागीय अधिकारी मौन हैं। बिजली विभाग ने ट्रांसफार्मर रखने के लिए तमाम नियम बनाए हैं। इनमें ट्रांसफार्मर को रखने के लिए चबूतरा होना जरूरी है। हाईटेंशन लाइन से ट्रांसफार्मर में आने वाले तारों में सुरक्षा के लिए गर्डिंग होनी चाहिए। ट्रांसफार्मर के चारों ओर जाली लगाना अनिवार्य है, लेकिन विभाग अपने ही नियमों की अनदेखी कर रहा है।
शहर के मुराइन टोला पुलिस चौकी के पास सड़क किनारे खुले में ट्रांसफार्मर रखा है। इसके एक ओर तो पुलिस चौकी की दीवार है, लेकिन तीन तरफ से ट्रांसफार्मर खुला है। चौक, कचहरी, तहसील और बस अड्डा जाने वाले लोगों के आवागमन से हमेशा भीड़ बनी रहती है। दोनों तरफ से वाहनों के आने पर ट्रांसफार्मर के बगल से ही लोग निकलते हैं, ऐसे में करंट का खतरा बना रहता है।
बस अड्डे से चौक के बीच में सदाशिव पैलेस के पास खुला ट्रांसफार्मर रखा है। बस अड्डे से कोतवाली व चौक के मुख्य मार्ग पर नियमों को ताक पर रखकर ट्रांसफार्मर रखा गया है। यहां चबूतरे पर ट्रांसफार्मर तो रखा है, लेकिन जाली नहीं लगी है। इसके केबल रास्ते की तरफ लटक रहे हैं। बारिश के दौरान ट्रांसफार्मर से चिंगारी निकलती है और लोगों में हादसे को लेकर दहशत बनी रहती है।
.
जीटी रोड पर सरांय के पास 400 केवीए का ट्रांसफार्मर रखकर करीब 200 घरों को बिजली आपूर्ति दी जा रही है, लेेकिन ट्रांसफार्मर में सुरक्षा जाली लगाना मुनासिब नहीं समझा जा रहा है। जीटी रोड से वाहनों का रात-दिन आवागमन बना रहता है। बारिश के समय फाल्ट भी अधिक होते हैं और ट्रांसफार्मर से चिंगारियां निकलती हैं। इससे कभी भी राहगीर हादसे की चपेट में आ सकते हैं।
चंदियाना मोहल्ला में जीटी रोड पर बिना सुरक्षा जाली के ट्रांसफार्मर रखा है। इस जगह से चौक और मसवानी मोहल्ला जाने का रास्ता भी है। महीने भर पहले जब ट्रांसफार्मर खराब हुआ तो कर्मियों ने चारों तरफ लगी सुरक्षा जाली को हटा दिया और अब खुले में रखे ट्रांसफार्मर से आपूर्ति दी जा रही है। लोग सुरक्षा जाली लगाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन विभाग कोई सुनवाई नहीं कर रहा है।
जो ट्रांसफार्मर खुले में रखे हैं, उनका सर्वे कराकर जाली और सुरक्षा गार्ड लगाने के लिए इस्टीमेट तैयार कराया गया है। जो ट्रांसफार्मर भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में लगे हैं, उनकी सोमवार को टीम भेज कर रिपोर्ट तैयार कराई जाएगी। ऐसे ट्रांसफार्मरों को तुरंत जाली से घिरवाया जाएगा।- राजमंगल सिंह, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड प्रथम।
सदाशिव पैलेस के सामने सड़क किनारे रखा ट्रांसफार्मर। संवाद- फोटो : FATEHPUR