हसवा। ब्लॉक क्षेत्र में जून माह में हुई मकान गणना का मानदेय अभी तक शिक्षकों के खातों में नहीं पहुंचा है। भुगतान में देरी से परेशान उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ (तिवारी गुट) के ब्लॉक अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह भदौरिया ने सोमवार को तहसीलदार से मुलाकात कर शीघ्र समाधान की मांग की।
शैलेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि नौ हजार रुपये मकान गणना और 1200 रुपये प्रशिक्षण का मानदेय लंबित है। तहसीलदार ने तीन-चार दिनों में लंबित धनराशि भेजने का आश्वासन दिया। ब्लॉक अध्यक्ष ने कहा कि यदि समय से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो दूसरी जनगणना की ट्रेनिंग कराना भी मुश्किल होगा।
बीएलओ के लंबित मानदेय का मुद्दा भी उठाया गया, जिस पर जल्द भुगतान का आश्वासन मिला। तहसीलदार सदर राजकुमार सिंह ने बताया कि तकनीकी कमियों के कारण कुछ शिक्षकों के भुगतान में दिक्कत है। इसे दूर कर सभी लंबित भुगतान जल्द पूरे किए जाएंगे।