फोटो-18-औंग के छिवली गांव के पास स्थित वेयरहाउस के बाहर मौजूद श्रमिक। संवाद
औंग। छिवली गांव के पास स्थित एक बाइक के वेयरहाउस में समय से मानदेय न मिलने से नाराज श्रमिकों ने सोमवार सुबह काम बंद कर दिया। औंग थाने से दरोगा विकास वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं ठेकेदार से जल्द भुगतान का आश्वासन मिलने के बाद श्रमिक काम शुरू करने के लिए राजी हो गए।
श्रमिक सुबह करीब आठ बजे वेयरहाउस पहुंचे, लेकिन काम शुरू करने के बजाय मानदेय की मांग को लेकर विरोध जताने लगे। दरोगा ने ठेकेदार से भुगतान में देरी का कारण पूछा। ठेकेदार ने बताया कि बैंक बंद होने के कारण मानदेय खातों में भेजने में दिक्कत हुई है। कुछ श्रमिकों के बैंक खाते का विवरण सही नहीं होने से भी भुगतान अटका है। संबंधित श्रमिकों से सही खाता विवरण मांगा गया है। जानकारी मिलते ही उनका मानदेय भी भेज दिया जाएगा।
पुलिस की मौजूदगी में भुगतान का आश्वासन मिलने के बाद श्रमिक काम पर लौट आए। वहीं कंपनी मैनेजर रोहित खन्ना ने बताया कि कंपनी की ओर से ठेकेदार को भुगतान कर दिया गया था, लेकिन बैंक की हड़ताल के कारण कुछ समस्याएं आ गई थीं। जल्द सभी श्रमिकों का मानदेय उनके खातों में भेज दिया जाएगा।
फोटो-18-औंग के छिवली गांव के पास स्थित वेयरहाउस के बाहर मौजूद श्रमिक। संवाद