फतेहपुर। 69 हजार शिक्षक भर्ती की रिक्त सीटें भरने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने फिर प्रक्रिया शुरू की है। तीन चरणों में हुई काउंसलिंग में जिले की रिक्त सीटें नहीं भर पाईं थीं। अब 16 व 17 अगस्त को चौथे चरण की काउंसलिंग होगी।
प्रदेश में 69 हजार शिक्षक भर्ती के पहले चरण की काउंसलिंग में 508 सीटें जिले के लिए मिलीं थीं। इनमें 26 अभ्यर्थी गैरहाजिर हो गए थे। इस तरह से कुल 482 शिक्षक भर्ती हुए थे। दूसरे चरण में जिले को सिर्फ दो सीटें मिली थीं। दोनों काउंसलिंग में शामिल हुए। तीसरे चरण में जिले को 43 सीटें मिलीं थीं। इनमें 35 ने काउंसलिंग कराई थी और आठ गैरहाजिर हो गए थे। बेसिक शिक्षा विभाग ने अब चौथे चरण की भर्ती शुरू की है। इसमें तीसरे चरण के गैरहाजिर अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के लिए मौका दिया जाना है। काउंसलिंग 16 व 17 अगस्त को बीएसए कार्यालय में सुबह 10 बजे से होगी।
बीएसए संजीव कुशवाहा ने बताया कि तीसरे चरण की काउंसलिंग में गैरहाजिर अभ्यर्थियों को एक और मौका दिया जाना है। काउंसलिंग 16 व 17 अगस्त को होगी। संबंधित अभ्यर्थी तय तिथियों को काउंसलिंग करा सकते हैं।