फतेहपुर। मदद का झांसा देकर एडीएम कार्ड बदलने वाले गैंग के एक शातिर को पुलिस ने गुरुवार को दबोच लिया, प्रतापगढ़ जिले के दो साथी भाग निकले। रायबरेली जिले के शातिर के पास से 29 एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, पांच मोबाइल फोन और तमंचा बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
सीओ सिटी डीसी मिश्रा ने बताया कि गुरुवार सुबह कोतवाली पुलिस को
ज्वालागंज एटीएम बूथ के पास संदिग्ध युवक के खड़े होने की सूचना मिली। कार्यवाहक कोतवाल प्रभुनाथ यादव, चौकी इंचार्ज प्रवीण दुबे, साइबर सेल और सर्विलांस टीम ने घेराबंदी संदिग्ध कर युवक को पकड़ लिया। युवक ने अपना नाम वकास अहमद उर्फ वकास कुरैशी निवासी चिकवाही मंडी अलीनगर थाना लालगंज जिला रायरबेली बताया। वकास के दो साथी जीशान और शहबान निवासी बाबूगंज थाना लालगंज जिला प्रतापगढ़ भाग निकले।
सीओ ने बताया कि वकास के पास से 29 एटीएम कार्ड, एक पैन कार्ड, एक वोटर आईडी, पांच एंड्रायड मोबाइल फोन और एक तमंचा बरामद किया गया। वकास ने चार एटीएम बदलकर रुपये निकालना कबूल किया है। वह आईटी एक्ट और फ्राड के मामले में लालगंज थाने में एक साल से वांछित था। आरोपी को जेल भेज दिया गया है। रायबरेली जिले इंस्पेक्टर अनिल कुमार त्यागी ने लालगंज थाने में दर्ज मामले को लेकर कोर्ट में रिमांड प्रक्रिया दाखिल की ह्रै।
मदद का झांसा देकर बदल लेते थे एटीएम कार्ड
वकास और उसके गैंग के लोग एटीएम बूथों के आसपास घूमते रहते हैं। एटीएम बूथ पर किसी को रुपये निकालने में समस्या होती है तो पीछे से पहुंच जाते हैं। रुपये निकालने में मदद का झांसा देकर एटीएम बदल लेते हैं। मदद के दौरान पिनकोड भी उपभोक्ता से पूछ लेते थे। गैंग के सदस्य एटीएम कार्ड के जरिये शॉपिंग करते हैं। गैंग ने एटीएम बदलने के बाद कलक्टरगंज स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान से ज्वैलरी शापिंग, बाकरगंज के पास स्थित एक मॉल से कपड़ों और अन्य सामान की शापिंग की थी। शॉपिंग प्रतापगढ़ और रायबरेली से भी की गई थी।
पांच जिलों में कुल 24 मुकदमे दर्ज
आरोपी वकास पर पांच मुकदमे फतेहपुर, 15 मुकदमे रायबरेली जिले के लालगंज थाना, अमेठी जिले में एक, उन्नाव जिले में दो मुकदमे, लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में एक मुकदमा दर्ज है। कुल 24 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पर ज्यादातर मुकदमे फ्राड और आईटी एक्ट के तहत दर्ज हैं।