जहानाबाद (फतेहपुर)। थाना क्षेत्र के मियां टोला मोहल्ले में हाईस्कूल के छात्र ने रविवार शाम फांसी लगाकर जान दे दी। परीक्षा की तैयारी को लेकर परिजनों ने दोपहर में उसे डांट दिया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मोहल्ला निवासी बाबूराम का पुत्र मोहित (17) कस्बे के एक स्कूल में हाईस्कूल का छात्र था। उसकी सोमवार को गणित विषय की परीक्षा थी। परिजनों ने उसे परीक्षा की तैयारी करने के लिए दोपहर को डांट फटकारा।
जिसके बाद किशोर घर से निकल गया। मोहल्ले के बाद चिलवर के पेड़ पर रस्सी के फंदे से शाम को उसका शव लटकता दिखा। घटना की सूचना पर परिजन पहुंचे। परिजनों में कोहराम मच गया।
पिता बाबूराम ने बताया कि पढ़ाई के लिए बेटे को कहा गया था। इसी बात से तनाव में आकर आत्महत्या की है। प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।