फतेहपुर। जिले में 33 हजार 424 छात्र-छात्राओं को लैपटॉप और टेबलेट मिलेंगे। डीएम की अध्यक्षता वाली कमेटी ने वितरण की जिम्मेदारी डीआईओएस को सौंपी है। दिसंबर महीने के अंत तक वितरण की तैयारी है।
नए साल के पहले महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ पॉलीटेक्निक, आईटीआई, बीएड और डीएलएड के प्रशिक्षार्थियों को लैपटॉप और टेबलेट का तोहफा मिलेगा। शासन ने लाभार्थियों की सूची जारी कर दी है। सूची विद्यालय स्तर पर भेजकर डीएम ने सत्यापन करा लिया है। सत्यापन सूची में 25 हजार 265 महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं, 2095 पॉलीटेक्निक प्रशिक्षार्थी, 5240 डीएलएड और बीएड प्रशिक्षार्थी तथा 824 आईटीआई के प्रशिक्षार्थी शामिल हैं।
शासन ने वितरण कमेटी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी डीएम को सौंपी है। कमेटी में एडीएम सचिव हैं। तहसील स्तर पर वितरण प्रभारी एसडीएम बनाए गए हैं। तीनों तहसीलों में वितरण व्यवस्था डीआईओएस को सौंपी गई है। डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वितरण के लिए फाइनल सूची तैयार है। लैपटॉप और टेबलेटों की आपूर्ति मिलने के बाद वितरण की तिथि तय की जाएगी। वितरण दिसंबर महीने के अंत तक वितरण किया जाना है।
फतेहपुर। माध्यमिक शिक्षक संघ ने नवनियुक्त शिक्षकों को शपथपत्र लेकर वेतन भुगतान करने की मांग की। संघ के प्रतिनिधि मंडल ने गुरुवार को डीआईओएस से मिलकर वेतन भुगतान न होने पर एक सप्ताह बाद डीआईओएस कार्यालय में धरने की चेतावनी दी है। प्रतिनिधि मंडल में संघ के जिलाध्यक्ष आलोक शुक्ल, शोभराज, अर्पित शर्मा, संतोष सिंह चौहान, अंकित कुमार और वरुण कुमार भारतीय शामिल थे। संवाद
.............................