फतेहपुर। मांगों को लेकर बैंक, बीएसएनएल इम्प्लाइज यूनियन की ओर से दो दिवसीय हड़ताल सोमवार को शुरू हुई। हालांकि पहले दिन हड़ताल का खास असर नहीं दिखा। बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) की कुछ शाखाओं में बैंक क्लर्क यूनियन की हड़ताल का आंशिक असर दिखाई दिया।
वहीं बीएसएनएल में काम प्रभावित नहीं हुए। बीएसएनएल इम्प्लाइज यूनियन के जिला सचिव बाबूलाल ने कहा कि बीएसएनएल का निजीकरण न किया जाए। उपकरण खरीद के मामले में बीएसएनएल से भेदभाव किया जा रहा है। साथ ही बीएसएनएल की 4जी सेवाएं जल्द बहाल की जाएं।
बीएसएनएल कर्मचारियों का वेतन संशोधन लागू किया जाए। वहीं, बीओबी के क्लर्क संगठन ने दो दिवसीय हड़ताल की। कुछ बैंक शाखाओं में लेनदेन प्रभावित रहा। खागा प्रतिनिधि के अनुसार किशनपुर रोड स्थित बीओबी शाखा में सोमवार को ताला बंद रहा।
ग्राहक लौटते दिखाई दिए। एसबीआई, पंजाब नेशनल बैंक, आईसीआईसीआई, एचडीएफसी की शाखाएं खुली रहीं। धाता प्रतिनिधि के अनुसार कस्बा स्थित बीओबी में ताला बंद होने से खाताधारकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।