जिले में शुरू होने वाली सीधी सेना भर्ती देशभक्ति से लबरेज स्थानीय युवाओं के लिए बेहतरीन मौका है। भर्ती के प्रति उत्साह भी युवाओं में जमकर देखने को मिल रहा है। वहीं प्रशासन ने सेना भर्ती की तैयारियों में पूरा जोर लगा दिया है। भर्ती प्रक्रिया को सकुशल कराने के लिए सैन्य अफसरों की आमद भी आज हो जाएगी। अफसरों के आने के बाद मैदान में गर्माहट और बढ़ जाएगी।
12 वाहिनी पीएसी मैदान में तीन अगस्त से सात जिलों औरेया, बांदा, हमीरपुर, गोंडा, बाराबंकी, फतेहपुर सदर तहसील व बिंदकी, खागा तहसील और कन्नौज के युवाओं को सीधी भर्ती में मौका मिलेगा। जिले के युवाओं को किस्मत अजामाने के लिए दो दिन दिए गए हैं। आठ अगस्त को सदर तहसील व नौ अगस्त को खागा बिंदकी क्षेत्र के युवाओं की भर्ती होगी। भर्ती की खबर से ग्रामीणांचलों और शहर में युवाओं के बीच उत्साह दिखाई पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों की पगडंडियों में चलकर भर्ती के दौरान होने वाली ट्रेनिंग और चक मार्गों में ग्रुप बनाकर दौड़ लगा करके युवा भर्ती की रिहर्सल करते दिखाई पड़ रहे हैं।
वहीं शहर क्षेत्र के युवा भर्ती में बाजी मारने के लिए आईटीआई फील्ड, एमजी कालेज के मैदान, स्टेडियम में दौड़ लगा करके पूर्वाभ्यास के जरिए खुद को सेना भर्ती के लिए लायक बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इधर, कलेक्ट्रेट में एडीएम आलोक सिंह और एएसपी आरपी सिंह ने रोडवेज एआरएम, एआरटीओ प्रशासन, प्रर्वतन, नगर पालिका ईओ, पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों, रेलवे, जीआरपी एसओ के साथ बैठक की है। बैठक में यातायात व्यवस्था पर के इंतजाम चौकस करने के निर्देश दिए गए। भर्ती खत्म होने पर आने वाले अभ्यर्थियों को वाहनों से ग्राउंड के बाहर से ही सीधे बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन तक पहुंचाने के इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों ने मैदान का भी निरीक्षण किया है। गुरुवार से पीएसी ग्राउंड मिलेट्रियन और पुलिस फोर्स के हवाले हो जाएगा।