फोटो-49-घायल अतुल सिंह। वीडियो ग्रैब
फतेहपुर। रेलवे स्टेशन रोड पर शादीपुर चौराहे के पास बुधवार रात कार और स्कूटी के टकराने के बाद दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस विवाद में स्कूटी सवार सभासद के भाई और बीजेपी नेता के भाई सहित पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। इनमें से एक युवक को गंभीर हालात में कानपुर रेफर किया गया है।
राधानगर थाने के जयरामनगर निवासी अतुल सिंह, शादीपुर वार्ड के सभासद आशुतोष उर्फ आशू सिंह का भाई है। वह स्कूटी से शादीपुर नाका की ओर से दोस्त आशीष सिंह को छोड़ने जा रहा था।
वहीं खंभापुर निवासी भाजयुमो जिलामंत्री शुभम त्रिपाठी के भाई सत्यम को कार से स्टेशन छोड़ने के लिए उसके दोस्त अभय त्रिपाठी निवासी आवास विकास और उपदेश मौर्या निवासी पक्का तालाब के साथ स्टेशन रोड पर जा रहे थे। इसी दौरान कार और स्कूटी के बीच टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में अतुल सिंह और अभय को गंभीर चोटें आईं। इनमें अभय को कानपुर के हैलट रेफर किया गया है। अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। कोतवाल तारकेश्वर राय ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच वार्ता चल रही है। शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।