उपयोग से पहले ही टूटने लगा शौचालय। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
किशनपुर। आदर्श नगर पंचायत का तमगा हासिल कर चुके किशनपुर के वार्ड नंबर चार नरवा में बने सामुदायिक शौचालय का निर्माण के बाद ताला ही नहीं खुला। एक साल पहले इसका निर्माण हुआ था, अब इसकी दीवारें टूटने लगी हैं। शिलान्यास का पत्थर भी लोग निकाल ले गए।
किशनपुर के सभी वार्डों में पांच-छह लाख रुपये की लागत से सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कराया गया था, लेकिन इनमें न तो पानी का इंतजाम है और न ही बिजली का है। वार्ड नंबर चार नरवा में पीडब्ल्यूडी कैंपस के पास पांच सीट का सार्वजनिक शौचालय एक साल पहले बना था। इसमें तब से ताला बंद है। अब हाल ये है कि अंदर व बाहर लगी टाइल्स टूट रही है। देखरेख न होने से शौचालय गंदगी का ढेर बनता जा रहा है। इसकी दीवारों में दरारें पड़ चुकी हैं। लोगों की सुविधा के लिए एक हैंडपंप लगाया गया था। जो बीच से टूट गया है।
ईओ अजय कुमार पांडेय ने बताया कि कार्यदायी संस्था ने शौचालय नगर पंचायत को हैंडओवर नहीं किया है। इसलिए वह बंद है और वहां जो नुकसान हो रहा है, उसकी जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था है।