हाईवे पर जलभराव में फंसे वाहन।
- फोटो : हाईवे पर जलभराव में फंसे वाहन।
खागा। नगर के पूर्वी बाईपास पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज और आवागमन के लिए बनी सर्विस लेन धंसने से शुक्रवार सुबह वाहन चालकों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
प्रयागराज-कानपुर लेन पर बारिश का पानी भरने से छोटे वाहन गड्ढों में गिरकर क्षतिग्रस्त हो गए। वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने स्थिति संभाली और एनएचएआई की मदद से गड्ढों में गिट्टी भरकर यातायात बहाल कराया।
प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर व्हाइट हाउस रेस्टारेंट के पास सर्विस लेन पर पहले से गड्ढे हैं। इधर, बरसात से सर्विस लेन भी धंस गई, जिससे यहां पर गहरा गड्ढा हो गया। बरसात से यहां पर जलभराव हो गया, जिससे गड्ढे दिखना बंद हो गए।
शुक्रवार सुबह छोटे वाहन यहां पहुंचे तो गड्ढों में फंस गए। इससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसा देख भारी वाहन खड़े होते गए और देखते ही देखते प्रयागराज-कानपुर हाईवे बंद हो गया। जल्दबाजी दिखाते हुए कानपुर-प्रयागराज लेन से निकलने का प्रयास किया तो वहां भी जाम लग गया।
हाईवे जाम होने की खबर पर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहनों को निकालना शुरू किया। एनएचएआई के जिम्मेदारों को बुलाकर तुरंत गड्ढों में गिट्टी भरी गई और पानी आबादी की तरफ निकाला गया। ऐसे में लोगों ने नाराजगी जताई, लेकिन किसी तरह से पानी बाहर निकाला गया। इसके बाद यातायात बहाल हुआ। इस दौरान करीब साढ़े पांच घंटे यातायात बाधित रहा।
जहानाबाद प्रतिनिधि के अनुसार, मानसून की पहली बारिश से गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया। खेतों में नमी देख किसानों के चेहरे पर चमक आ गई। गुरुवार शाम साढ़े चार बजे शुरू हुई बारिश से लोगों को उमस से राहत मिली। बारिश से किसानों के चेहरे पर भी चमक आई।