फतेहपुर। रुपयों की मांग पूरी न होने पर पूर्व प्रेमिका की अश्लील फोटो उसके पति के दोस्त के व्हाट्सएप पर भेजकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी है। पुलिस ने शुक्रवार को दंपती के खिलाफ रंगदारी और ब्लैकमेलिंग समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि 17 जुलाई को उसकी अश्लील फोटो पति के दोस्त के व्हाट्सएप पर भेजी गई। दोस्त ने यह फोटो उसके पति को दिखाई। फोटो भेजने वाले मोबाइल नंबर की जानकारी करने पर पता चला कि वह गाजीपुर थाना क्षेत्र के देवलान गांव निवासी सरवन का है।
महिला ने बताया कि निकाह से पहले उसका सरवन से प्रेम प्रसंग था। तभी सरवन ने उसकी अश्लील फोटो खींच ली थी। सरवन का निकाह चार दिसंबर 2025 को रोशनी से हुआ। उसका निकाह एक जून को शहर में हुआ।
आरोप है कि निकाह के बाद से सरवन पत्नी रोशनी के साथ मिलकर उसे ब्लैकमेल करते हुए रुपयों की मांग कर रहा है। रुपये नहीं देने पर उसकी फोटो पति के दोस्त को भेज दी गई। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि दंपती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।