फतेहपुर। माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा नौ से 12 तक के छात्रों को प्रोजेक्ट प्रवीण के तहत तकनीकी कौशल सिखाया जाएगा। मई से जिले के तीन विद्यालयों में रोजगारपरक प्रशिक्षण शुरू होगा। सात अन्य विद्यालयों में विभिन्न ट्रेड में प्रशिक्षण पहले से संचालित है।
योजना के तहत छात्रों को अल्पकालीन हेल्थ केयर प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण प्रदाता संस्था का चयन हो चुका है। सुखदेव इंटर कॉलेज खागा के 140 छात्रों को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बहुआ इंटर कॉलेज और स्वामी चंद्र दास इंटर कॉलेज हसवां के 105-105 छात्रों को ग्राम भारती जन कल्याण संस्थान की ओर से प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कौशल विकास मिशन के विनोद तिवारी ने बताया कि प्रशिक्षण के पहले दिन ही छात्रों को पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। कोर्स की अवधि अधिकतम 270 घंटे होगी। इसका उद्देश्य पढ़ाई के साथ छात्रों को रोजगारपरक तकनीकी ज्ञान से जोड़ना है। सत्र के अंत में प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा।
सात विद्यालयों में अलग-अलग ट्रेड का प्रशिक्षण
जिले के सात विद्यालयों के 1120 छात्रों को विभिन्न ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की ओर से राजकीय इंटर कॉलेज फतेहपुर में इलेक्ट्रॉनिक्स, फ्रंट लाइन एनसीआर बिजनेस प्राइवेट लिमिटेड की ओर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज बहुआ व राजकीय यूएम विद्यालय अकबरपुर चौराई में ब्यूटी एंड वेलनेस का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
शोभा फाउंडेशन सोसाइटी की ओर से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फतेहपुर व राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बिंदकी में हेल्थकेयर, जबकि साइबर एकेडमी की ओर से नगर पालिका नेहरू इंटर कॉलेज बिंदकी में इलेक्ट्रॉनिक्स और जनता इंटर कॉलेज गाजीपुर में फूड प्रोसेसिंग का प्रशिक्षण कराया जा रहा है। यह प्रशिक्षण जुलाई के अंत तक पूरा होगा।