थरियांव (फतेहपुर)। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर ट्रैक्टर से टकराने के बाद स्कॉर्पियो में आग लग गई। चालक ने किसी तरह कूदकर जान बचाई। हादसा देख आसपास के ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। दमकल ने आग पर काबू पाया। चालक को मामूली चोट आई है। हाईवे पर हादसा होने वाली लेन पर पांच किलोमीटर लंबा जाम लगा।
सदर कोतवाली क्षेत्र के बसंत कॉलोनी अरबपुर निवासी मोहम्मद अमन की बहन की सोमवार को बरात है। वह घर से स्कॉर्पियो में सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव में रहने वाले बाबा को लेने रविवार शाम जा रहा था।
करीब शाम छह बजे थरियांव थाना क्षेत्र के पश्चिमी ओवरब्रिज पर आगे जा रहे ट्रैक्टर के चालक ने अचानक से दाहिनी साइड की ओर स्टीयरिंग घुमा दी। इससे स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर में टकरा गई। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो में आग लग गई।
चालक ने किसी तरह कूदकर जान बचाई। कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। हाईवे पर एक लेन में करीब आधे घंटे यातायात प्रभावित होने से पांच किलोमीटर तक जाम भी लग गया। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया आग बुझाने के बाद यातायात सुचारू रूप से चालू कराया गया।
दोनों हादसे एक किमी के बीच हुए
थरियांव थाना क्षेत्र हाईवे पर दोनों हादसे एक किलोमीटर के बीच हुए। बाइक सवारों को हादसा थरियांव ओवरब्रिज पर पूर्वी बाईपास पर हुआ। वहीं स्काॅर्पियो में आग लगने की घटना ओवरब्रिज पर पश्चिमी बाईपास पर हुई।